पटना , मार्च 20 -- बिहार दिवस में इस बार परिवहन विभाग का पवेलियन विशेष रूप से मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा, जहां राज्य में जल परिवहन की अपार संभावनाओं को खास तौर पर उजागर किया जा रहा है।

बिहार दिवस के अवसर पर पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान पूरी तरह से सज-धजकर तैयार हो चुका है। 22 से 24 मार्च तक चलने वाले इस तीन दिवसीय उत्सव में विभिन्न विभाग अपने आकर्षक पवेलियन के माध्यम से अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित कर रहे हैं।

इस बार परिवहन विभाग का पवेलियन विशेष रूप से मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा, जहां राज्य में जल परिवहन की अपार संभावनाओं को खास तौर पर उजागर किया जा रहा है। विभाग ने यहां एक लगभग पांच फीट ऊंचा अंतर्देशीय जल परिवहन(आईडब्ल्यूटी) का मॉडल तैयार किया है, जो दर्शकों को आकर्षित करेगा। इसके अलावा, वाटर मेट्रो भी इस पवेलियन का प्रमुख हाइलाइट रहेगी। यह मॉडल सड़क परिवहन के विकल्प के रूप में जलमार्ग को बढ़ावा देने का संदेश देगा, जो पर्यावरण-अनुकूल, सस्ता और सुविधाजनक परिवहन का एक बेहतरीन माध्यम है।

पवेलियन के मुख्य द्वार पर दो फीट ऊंचा 3डी वाटर मेट्रो का मॉडल भी लगाया गया है। यहां राज्य के सात राष्ट्रीय जलमार्गों गंगा, गंडक, सोन, कोसी, घाघरा, पुनपुन और कर्मनाशा नदियों को भी आकर्षक ढंग से दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही दर्शकों को सामुदायिक जेटी, कार्गो शिप, रो-रो शिप (माल परिवहन), रो-पैक्स (माल और यात्री दोनों परिवहन), यात्री परिवहन और तट आधरित सुविधाओं की पूरी जानकारी दी जाएगी। विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर लोगों को इनके बारे में विस्तार से बताएंगे और जल परिवहन के फायदों से अवगत कराएंगे।

इसके अलावा पवेलियन में लोगों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर जागरूक किया जाएगा। इसके लिए तीनों दिन तक सभी आगंतुकों का मुफ्त नेत्र जांच किया जाएगा। साथ ही हेलमेट, रोड सेफ्टी बैंड, चाबी रिंग इत्यादि का वितरित किए जाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें पेंटिंग, क्विज, पजल गेम, स्लोगन और संगीत गायन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित