पटना, सितंबर 19 -- ाज्य में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग की अनुशंसा पर चयनित 792 ड्रेसर (परिधापक), 644 एक्स-रे टेक्निशियन, 24 फार्मासिस्ट के सफल अभ्यर्थियों की राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापना कर दी गई है।
792 ड्रेसर पदों पर चयनित अभ्यर्थियों में 135 महिला एवं 657 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं, 644 एक्स-रे टेक्निशियन पदों पर 135 महिला एवं 511 पुरुष अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसके अतिरिक्त 24 फार्मासिस्टों की भी पदस्थापना की गई है। इससे पहले 846 फार्मासिस्टों की पदस्थापना की जा चुकी थी। इस प्रकार अब तक कुल 870 फार्मासिस्टों की पदस्थापना पूरी हो चुकी है।
इन तकनीकी कर्मियों की नियुक्ति से राज्य के मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल अस्पतालों तथा अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ड्रेसर एवं एक्स-रे टेक्निशियन कर्मियों की कमी दूर होगी। इससे अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, कार्यक्षमता एवं त्वरित सेवा में उल्लेखनीय सुधार आएगा। साथ ही मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली एक्स-रे एवं अन्य जांच सुविधाएं अधिक सुगम, बेहतर और प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित