, May 28 -- मुखिया प्रभा यादव का कहना है कि पंचायत में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत तालाबों का जीर्णोद्धार, कुओं का संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पौधरोपण जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। विशेष रूप से वार्ड नंबर 03 ग्राम मझौआ में पोखर के मध्य स्थित सुंदर मंदिर पंचायत की प्रमुख पहचान बन चुका है। पहले यह क्षेत्र जहां साधारण और उपेक्षित रहता था, वहीं आज पक्का घाट, स्वच्छ परिसर, आकर्षक रंगों से सुसज्जित मंदिर एवं शांत वातावरण इसे एक सुंदर धार्मिक स्थल का रूप प्रदान कर रहा है। मुखिया ने बताया कि पंचायत के सभी घरों तक हर घर नल-जल योजना से स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वच्छता के मामले में पंचायत को पहले से ही ओडीएस प्लस घोषित किया चुका है। सभी वार्डों में सोलर लाइट लगाई गई है। पंचायत क्षेत्र में विद्यालय एवं राजकीय अस्पताल की सुविधा उपलब्ध है। विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को बेहत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यहां पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन एवं जनसेवा का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
लोगों को आरटीपीएस सेवाएं, प्रमाण पत्र एवं अन्य सरकारी सुविधाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्राम पंचायत में उपलब्ध उपरोक्त सुविधाओं को ही ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए दावेदारी की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित