, April 13 -- जीविका के निदेशक (उद्यम) विनय कुमार राय ने बताया कि दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच बैग कलस्टर ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 42 बैग उद्यम संचालित हुए, जिनके माध्यम से 32.69 लाख बैग और 12.08 लाख रेन कवर का उत्पादन किया गया। बैग कलस्टर का औसत मासिक टर्नओवर 43 लाख दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उद्यमी दीदियां सिलाई का काम भी कर रही हैं।
श्री राय ने बताया कि बैग कलस्टर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त उत्पादन शेड, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, कलस्टर कार्यालय, श्रमिकों के बच्चों के लिए क्रेच (पालना घर) और जीविका दीदी की रसोई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी सुविधाएं महिलाओं के अनुकूल कार्य स्थल का वातावरण सुनिश्चित कर रही हैं।
देखा जाये तो मुजफ्फरपुर में संचालित बैग कलस्टर आय एवं रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर रहा है। इसके संचालन से उद्यमियों को प्रतिमाह औसतन 10,403 का लाभ प्राप्त हो रहा है, जबकि महिला श्रमिकों को 5,192 का भुगतान किया जा रहा है। 19 कार्य दिवसों के साथ प्रति माह औसतन दैनिक मजदूरी 263.90 सुनिश्चित की जा रही है।
बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि जीविका के सहारे बिहार तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि दीदियां धीरे-धीरे हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उनके कार्य और उत्पादों गुणवत्ता की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है। मुजफ्फरपुर में संचालित बैग कलस्टर से सैकड़ों दीदियों को जहां रोजगार मिला है, वहीं उनके परिवार की आर्थिक और सामाजिक जीवन में तेजी से बदलाव आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित