, Sept. 19 -- पंचायत क्षेत्र में लगने वाले मेला एवं बाजार को व्यवस्थित करने, संबंधित भूमि का सर्वे कराने तथा राजस्व प्राप्ति की संभावनाओं पर विचार करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने उच्च विद्यालय, अमरपुर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी तथा आईसीटी लैब का एवं खेल मैदान का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, प्रत्येक शनिवार को जांच परीक्षा आयोजित करने तथा नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुखिया सहित पंचायत के जनप्रतिनिधियों से भी विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
विद्यालय में आवश्यक आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने के लिए कायाकल्प योजना के तहत आवश्यक नए कमरों के निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
जिलाधिकारी ने पंचायत क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डॉक्टर, नर्स एवं दवाओं की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही उपचार, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने पंचायत के मुखिया, सरपंच, उपसरपंच, उपमुखिया, वार्ड सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से स्वच्छता एवं सौर ऊर्जा को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने लोगों को अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने तथा स्वच्छता शुल्क समय पर जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी एवं प्रभावी बनाया जा सके और अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा योजना का लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पंचायत जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए पंचायत में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत में सभी आवश्यक योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रमबद्ध एवं ससमय पूर्ण किया जाए, जिससे अमरपुर पंचायत को एक विकसित एवं आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित किया जा सके।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता केतन शुक्ला ,राजू कुमार, वरीय उप समाहर्ता जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित