, July 11 -- नगर निगम की सभी 19 क्वीक रिस्पॉन्स टीमें पूरी रात विभिन्न क्षेत्रों में तैनात रहीं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार फील्ड मॉनिटरिंग एवं समन्वय स्थापित करते हुए जलनिकासी कार्यों की समीक्षा की जाती रही, जिससे सभी क्षेत्र से त्वरित जलनिकासी सुनिश्चित की गई। बारिश के दौरान हज भवन के समीप पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त होते ही नगर निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। त्वरित कार्रवाई करते हुए पेड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य कर दिया गया, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

संयुक्त अभियान के दौरान सचिवालय, एलएनजेपी अस्पताल, पुनाईचक, केसरी नगर, करबिगहिया, गांधी मैदान, मछली गली, लालजी टोला, खेतान मार्केट, खजांची रोड (दशरथा कॉलोनी), राजेंद्र नगर रोड संख्या-2, पंचवटी नगर, आरके एवेन्यू रोड, वाचस्पति नगर, पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, जय प्रभा मेदांता, मुस्लिम टोला, श्रीनगर, ढेलवा बगीचा, सिटी स्कूल फील्ड, मारूफगंज, हर मंदिर गली, गुलजारबाग स्टेशन के समीप, नवाब बहादुर रोड, अशोक राजपथ, एनएमसीएच रोड, पठान टोली, सोनालिका नगर, पैजावा डगर एवं नव विहार कॉलोनी सहित अनेक क्षेत्रों से सफलतापूर्वक जलनिकासी सुनिश्चित की गई।

कुछ स्थानों पर विशेष परिस्थितियों के कारण जलनिकासी कार्य निरंतर जारी है। राजेंद्र नगर टर्मिनल क्षेत्र में मेट्रो निर्माण कार्य एवं सड़क का स्तर अपेक्षाकृत नीचे होने के कारण पंपों के माध्यम से जलनिकासी की जा रही है। इसी प्रकार वार्ड-60 स्थित बरगद का अखाड़ा सहित कुछ निम्न (जल्ला) इलाकों में भी अतिरिक्त पंपों के माध्यम से जलनिकासी कार्य जारी है, जिसे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।

बारिश के दौरान नगर निगम की टीमों द्वारा नालों एवं कैचपिट से फ्लोटिंग मटेरियल, प्लास्टिक एवं अन्य अवरोधक सामग्री को लगातार हटाया जाता रहा, जिससे वर्षा जल के प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा जलनिकासी तेज गति से हो सके। साथ ही, बुडको द्वारा संचालित सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन (डीपीएस) पूरी क्षमता के साथ लगातार संचालित किए गए।

सभी पंपिंग स्टेशनों पर अतिरिक्त विद्युत फीडर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे वर्षा के दौरान किसी भी परिस्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी पंपों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहे। साथ ही प्रत्येक संप हाउस पर डीजी सेट को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में तैयार रखा गया है।

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ऑटोमेशन ऑफ ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन परियोजना के अंतर्गत इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से सैदपुर, योगीपुर, ईको पार्क परिसर स्थित तीनों पंपिंग स्टेशन, पहाड़ी क्षेत्र के तीनों पंपिंग स्टेशन तथा पहाड़ी एनबीसीसी संप हाउस सहित कुल नौ प्रमुख संप हाउसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग लगातार की जाती रही। इस दौरान प्रत्येक स्टेशन के जलस्तर, मोटरों के संचालन एवं संपूर्ण प्रणाली की ऑनलाइन निगरानी सुनिश्चित की गई, जिससे आवश्यकता अनुसार त्वरित निर्णय लिए जा सके।

पटना नगर निगम एवं बुडको द्वारा मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संभावित वर्षा को देखते हुए सभी क्वीक रिस्पॉन्स टीमें, अभियंता, स्वच्छता कर्मी एवं ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन के ऑपरेटर पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्यरत हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित