पटना , दिसंबर 01 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने सोमवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने अथक परिश्रम से जीत की आधारशिला रखी।
बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक सम्मान समारोह के दौरान पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा प्रदेश के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने सभी को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया और उनकी प्रशंसा की।
इस अवसर पर श्री जायसवाल ने कहा कि चुनाव परिणाम से यह साबित हुआ कि भाजपा और राजग का हर कार्यकर्ता अपने समर्पित भाव से चुनाव मैदान में उतरा और गठबंधन को प्रचंड बहुमत दिलाने में मदद की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की मदद से भाजपा आज प्रदेश में विधायकों की संख्या के मामले में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। उन्होंने इस मौके पर प्रबंधन समिति के सदस्यों को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजग का प्रचंड जनादेश कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान ही भाजपा की पहचान है। भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता है कि भाजपा का बूथ कार्यकर्ता भी पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने भी समारोह को संबोधित किया और चुनावी प्रबंधन टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रबंधन के सहयोगियों का उत्साह और निष्ठा विकसित बिहार की सामूहिक यात्रा को और बल देती है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बिहार को नई ऊँचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का परिश्रम और प्रतिबद्धता ही भाजपा की रीढ़ है और यही हमारी निरंतर जीत का आधार भी है।
इस समारोह में बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय, लखींद्र पासवान, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखू भाई दालसानिया, प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा, राजेश वर्मा, राकेश कुमार सहित चुनाव प्रबंधन समिति के सभी लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित