पटना , नवंबर 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता का अटूट विश्वास और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की नीतियों के प्रति आम लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

श्री पटेल ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार में मिले व्यापक जनसमर्थन ने राज्य की राजनीति की दिशा तय कर दी है। उन्होंने कहा कि इस सफलता ने आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भी एक साफ संकेत दिया है कि देश की जनता अब विकास, सुशासन और स्थिरता को ही प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव के परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब परिवारवाद, तुष्टिकरण और अराजक राजनीति से थक चुकी है। जनता ने एक बार फिर सकारात्मक राजनीति, विकास कार्यों, बेहतर कानून-व्यवस्था और गरीब-कल्याण की योजनाओं पर मुहर लगाई है। यह बदलता हुआ जनमत पश्चिम बंगाल में भी गहरा असर डालेगा, जहां जनता लंबे समय से परिवर्तन की आकांक्षा रखती है।

भाजपा नेता ने कहा कि बिहार में राजग की जीत से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया है और इसी ऊर्जा के साथ पार्टी अब पश्चिम बंगाल में "परिवर्तन" का बिगुल बजाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का यह जनादेश देशभर में संदेश देता है कि डबल इंजन सरकार पर लोगों का भरोसा मजबूत है और अब देश केकहीं भी चुनाव हो , विकास की राजनीति ही निर्णायक होगी। यह भी स्पष्ट हो गया है कि जनता अब जातीय राजनीति से ऊपर उठकर शासन, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार परक राजनीति को महत्व दे रही है।

श्री पटेल ने कहा कि बिहार का यह संदेश पश्चिम बंगाल में भी जनभावना को प्रभावित करेगा और वहां भाजपा के पक्ष में एक मजबूत माहौल तैयार करेगा।उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के बदलते रुझान और परिणाम ने पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा लगभग तय कर दी है। जनता परिवर्तन, विकास और जिम्मेदार शासन चाहती है,यही भावना अब बंगाल में भी प्रबल होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित