, Nov. 9 -- बिहार ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार-2027 पोर्टल शुभारंभ दो पटना उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन उद्योग जगत और अकादमिक क्षेत्र को एक साझा मंच पर लाएगा, जहाँ विशेषज्ञों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं के बीच सार्थक संवाद के माध्यम से बिहार को एक सशक्त ब्रांड के रूप में स्थापित करने की दिशा में विचार-विमर्श होगा।उन्होंने कहा कि यह मंच समावेशी विकास और साझा समृद्धि के नए अवसरों की पहचान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आईएचडी के निदेशक एवं कन्वेंशन निदेशक प्रो. अलख एन. शर्मा ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य बिहार को एक समृद्ध, समावेशी और सतत अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित करने के लिए व्यावहारिक नीतिगत सुझाव और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है। सम्मेलन में पूर्ण सत्रों, विषयगत परिचर्चाओं और अकादमिक सम्मेलनों के माध्यम से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके परिणामस्वरूप 'बिहार घोषणा-पत्र 2027' और 'बिहार विजन 2047: नीतिगत मार्ग' रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मेलन पूर्णतः गैर-दलीय है और इसका एकमात्र उद्देश्य बिहार के विकास एवं भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक विमर्श करना है।
यह सम्मेलन 12 एवं 13 जनवरी 2027 को पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इससे पहले 10 एवं 11 जनवरी को एक अंतरराष्ट्रीय प्री-कन्वेंशन कॉन्फ्रेंस और रिसर्च फोरम का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में बिहार सहित देश-विदेश से लगभग 1,500 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें शिक्षाविद्, शोधकर्ता, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, विकास विशेषज्ञ, नागरिक समाज के सदस्य और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी बिहारी शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित