पटना, जुलाई 26 -- ्रामीण कार्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुरक्षित सड़क संपर्क बनाए रखने के उद्देश्य से बिहार ग्रामीण पथ अनुरक्षण नीति-2018 के अंतर्गत ग्रामीण सड़कों के अनुरक्षण एवं सतह नवीनीकरण का कार्य तेजी से करा रहा है। इस नीति का उद्देश्य निर्मित ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखना, उनकी आयु बढ़ाना तथा ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में राज्य की 16,166 ग्रामीण सड़कों को अनुरक्षण के लिए शामिल किया गया है, जिनकी कुल लंबाई 40,238.02 किलोमीटर है। इनमें से अब तक 15,677 ग्रामीण सड़कों पर 37,866.60 किलोमीटर लंबाई में प्रारंभिक सुधार तथा 15,586 ग्रामीण सड़कों पर 37,733.52 किलोमीटर लंबाई में सतह नवीनीकरण का कार्य पूरा किया जा चुका है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है, जिससे आर्थिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि परिवहन एवं ग्रामीण आवागमन को नई मजबूती मिल रही है।
सतह नवीनीकरण के अंतर्गत पूर्वी चंपारण में 2,434.57 किलोमीटर लंबी 925 ग्रामीण सड़कों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर में 1,755.20 किलोमीटर, सारण में 1,626.69 किलोमीटर, समस्तीपुर में 1,424.45 किलोमीटर, वैशाली में 1,393.64 किलोमीटर तथा मधुबनी में 1,326.51 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का सतह नवीनीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है।
अन्य प्रमुख जिलों में पूर्वी चंपारण, पटना, नालंदा, सीवान, गोपालगंज, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, दरभंगा, सीतामढ़ी, कटिहार, सुपौल, अररिया, औरंगाबाद, जमुई एवं नवादा सहित राज्य के सभी जिलों में अनुरक्षण एवं सतह नवीनीकरण का कार्य तेजी से पूरा किया जा चुका है, जिससे ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
बिहार ग्रामीण पथ अनुरक्षण नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय जाने, मरीजों को स्वास्थ्य संस्थानों तक समय पर पहुंचने तथा आम ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिल रही है। मजबूत एवं सुरक्षित सड़कें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान कर रही हैं और राज्य के समावेशी विकास को सुदृढ़ बना रही हैं।
ग्रामीण कार्य विभाग गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ एवं समयबद्ध अनुरक्षण कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है तथा राज्य की सभी ग्रामीण सड़कों को बेहतर स्थिति में बनाए रखने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीक एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ निरंतर कार्य कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित