पटना , मार्च 21 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता डा. जितेंद्र कुमार ने शनिवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश को भय और नक्सल के साये से निकालने के बाद विकास की गाथा रच रहे हैं।
जदयू प्रदेश प्रवक्ता श्री कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की समृद्धि यात्रा बिहार के सर्वांगीण विकास की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि गयाजी और औरंगाबाद जैसे जिले, जो कभी नक्सल प्रभाव और प्रशासनिक उपेक्षा के प्रतीक माने जाते थे, आज मुख्यमंत्री श्री कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में शांति, विकास, धार्मिक पर्यटन और आधुनिक आधारभूत संरचना के प्रतीक के रूप में स्थापित हो रहे हैं।
जदयू नेता ने कहा कि आस्था, इतिहास, बुद्ध की करुणा और पितृपक्ष की परंपरा वाले गयाजी में मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान लगभग 744 करोड़ रुपये की विशाल विकास योजनाओं की सौगात दी और स्पष्ट संदेश दिया है कि गयाजी को केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि उसे आधुनिक कृषि, कनेक्टिविटी, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास के राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने गया में 367 करोड़ रुपये की लागत से 553 योजनाओं का उद्घाटन तथा 377 करोड़ रुपये की लागत से 140 योजनाओं का शिलान्यास किया है । कुल मिलाकर 693 विकासात्मक योजनाओं का यह पैकेज केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि गयाजी के सामाजिक-आर्थिक पुनरुत्थान का विराट रोडमैप है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि गया में 13,334 जीविका स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को लगभग 609.07 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया जाना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बिहार की आधी आबादी को आत्मनिर्भरता, सम्मान और नेतृत्व से जोड़ने का विशेष कदम है। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जिस जीविका मॉडल को सशक्त किया, उसने बिहार की लाखों ग्रामीण महिलाओं को घर की सीमाओं से निकालकर आर्थिक शक्ति, सामाजिक सम्मान और सामुदायिक नेतृत्व की धुरी बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित