पटना , जनवरी 24 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि बिहार को देश के टॉप टेन विकसित राज्यों में शामिल करना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लक्ष्य है और इस दिशा में वे समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री कुमार आज समृद्धि यात्रा के अंतर्गत वैशाली जिला पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास को गति प्रदान करते हुए 54 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 98 करोड़ रुपये की लागत से कुल 103 विकासात्मक योजनाओं का लोकार्पण किया।

श्री कुशवाहा ने इस संबंध में कहा कि श्री कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में महनार, वैशाली सहित सम्पूर्ण बिहार समग्र, समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बिहार को देश के टॉप टेन विकसित राज्यों में शामिल करना श्री कुमार का लक्ष्य है और इस दिशा में वे समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वैशाली जिले में 12 सौ से अधिक एकड़ भूमि में उद्योग पार्क के निर्माण का प्रस्ताव है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि जिले में राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिसके पूर्ण होने से जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।इसके साथ ही 54.45 करोड़ रुपये की लागत से वाया नदी की उड़ाही का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को बाढ़ की समस्या से राहत मिलेगी और किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।

श्री कुशवाहा ने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, महिला आईटीआई तथा जीएनएम पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई है। साथ ही वैशाली में विश्वस्तरीय, अत्याधुनिक बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मारक स्तूप का निर्माण किया गया है, जो देश-दुनिया के पर्यटकों के लिए नए आकर्षण केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है। इसके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, खेल, सड़क, उद्योग सहित अनेक विकास योजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है, जिससे आने वाले समय में वैशाली जिला सहित पूरे बिहार की एक नई और सशक्त तस्वीर उभरकर सामने आएगी और श्री कुमार के नेतृत्व में विकसित बिहार का सपना साकार होगा।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की समृद्धि यात्रा आने वाले दिनों में समृद्ध बिहार के निर्माण के सपनों को मूर्त रूप देगी तथा विकास के संकल्पों को धरातल पर उतारने में निर्णायक सिद्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित