पटना , जून 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की 286 करोड़ रूपये की लागत से 157 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में रिमोट के माध्यम से इन योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके अन्तर्गत 239 करोड़ रूपये लागत की 114 योजनाओं का उद्घाटन तथा 47 करोड़ रूपये की 43 योजनाओं का शिलान्यास कार्य शामिल है।

श्री चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प के अनुरूप राज्य के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना देश के सबसे प्राचीन और गौरवशाली शहरों में से एक है। इसकी ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक विकास के साथ जोड़ने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत 11.44 करोड़ रुपये की लागत से 'वेस्ट टू वंडर' थीम पर आधारित लोकनायक जयप्रकाश नारायण पार्क का शिलान्यास किया गया है। इस पार्क में ज्याप्रकाश नारायण के जीवन और योगदान को भी चित्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का एक अनूठा केंद्र बनेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही नमामि गंगे परियोजना के तहत घर-घर सीवरेज नेटवर्क की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कार्यों में तेजी लाई जा रही है, जिससे गंगा नदी की स्वच्छता के साथ-साथ शहरी स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरे शहर में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सब्जी हाट योजना लागू की जाएगी। इससे लोगों को बेहतर बाजार सुविधाएं मिलेंगी और यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।उन्होंने बताया कि पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, जेपी गंगा पथ से जुड़े ग्रीन एरिया, पार्किंग, गार्डेन और वॉकिंग पाथ-वे का उद्घाटन किया गया है। रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 आधुनिक दुकानों के निर्माण का शिलान्यास तथा 200 प्रीफैब्रिकेटेड दुकानों का उद्घाटन भी किया गया है।

श्री चौधरी ने ने कहा कि आने वाले दिनों में 'पाटलिपुत्र' नाम से एक नए आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटना में 66 हजार एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस टाउनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की आवासीय, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, व्यावसायिक और मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से पटना आधुनिक शहरी विकास का नया मॉडल बनेगा और अपने ऐतिहासिक गौरव एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक शहर को विकास, स्वच्छता और सुशासन का आदर्श केंद्र बनाना है तथा विकास कार्यों के माध्यम से पटना के ऐतिहासिक गौरव को पुनर्स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम को नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा तथा विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित