पटना , अक्टूबर 22 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में एआई कंपनियों, स्टार्टअप और डिजिटल उद्यमों के लिए बेहतर अवसर विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे राज्य को नई तकनीक और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में बिहार एआई नीति 2026 को लेकर समीक्षा बैठक की।

बैठक में सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिवअभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एआई नीति के विभिन्न प्रावधानों, निवेश को प्रोत्साहित करने, युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने तथा एआई के विकास के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को लेकर बनाई गई बिहार आर्टिफिशल इंटेलीजेंस पॉलिसी 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में राज्य को अग्रणी बनाने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में एआई कंपनियों, स्टार्टअप्स और डिजिटल उद्यमों के लिए बेहतर अवसर विकसित किए जाएं, ताकि राज्य नई तकनीक और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन सके। उन्होंने संबंधित विभाग को नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक विशेष टीम गठित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिये।

बिहार एआई नीति 2026 का उद्देश्य राज्य में नई तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और डिजिटल उद्यमिता को बढ़ावा देना है, जिससे बिहार के युवाओं को नए अवसर मिलें और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित