पटना , जुलाई 15 -- बिहार मंत्रिमंडल ने बुधवार को कुल 31 प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिनमे बिहार राज्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता उत्कृष्टता केंद्र (एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस-एआई सीओई) की स्थापना के साथ उसके मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (एमओए) और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (एओए) को हरी झंडी शामिल है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद अपर मुख्य सचिव (कैबिनेट) अरविंद चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि इस पहल का उद्देश्य राज्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नवाचार, अनुसंधान, क्षमता निर्माण और डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देना है।
श्री चौधरी ने बताया कि मंत्रिमंडल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, शिक्षा, शहरी आधारभूत संरचना, पर्यटन, विमानन, कानून-व्यवस्था, स्थानीय शासन और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों और विकास परियोजनाओं को भी मंजूरी दी।
उन्होंने कहा कि प्रमुख निर्णयों में मंत्रिमंडल ने 'उपचारित अपशिष्ट जल के सुरक्षित पुनः उपयोग नीति, बिहार-2026' को भी मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य कृषि, उद्योग तथा अन्य गैर-पेयजल उपयोगों के लिए उपचारित अपशिष्ट जल के सतत उपयोग को बढ़ावा देना और जल संसाधन प्रबंधन को सुदृढ़ करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित