पटना , जून 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने रविवार को कहा कि 23 जून (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस) से 6 जुलाई (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती) तक राज्य के लगभग 92 हजार बूथों पर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यकर्ताओं का व्यापक प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा।
श्री दलसानिया ने अभियान की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ बूथ स्तर तक पहुँचाया जाएगा। इसके लिए एक सरल डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से कार्यकर्ता पंजीकरण कर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
संगठन महामंत्री श्री दलसानिया की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिहार के सभी 1,420 मंडलों एवं 52 जिलों में सफलतापूर्वक संपन्न प्रशिक्षण वर्गों के उपरांत अगले चरण में बूथ स्तर पर डिजिटल प्रशिक्षण अभियान चलाने की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि इस अभियान में बूथ समितियों के सभी सदस्य एवं मंडल मोर्चा के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित