पटना , दिसंबर 15 -- बिहार के 20 जिलों में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति के लिये रोस्टर प्रक्रिया पूरी हो गयी है और अब जल्द ही बहाली के लिये आगे की कारवाई की जायेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, तीन जिलों में रोस्टर की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है, जबकि 17 जिलों में इसे पहले ही पूरा किया जा चुका है। इस तरह अब तक 20 जिलों में रोस्टर की प्रक्रिया पूरी हो गयी है, जबकि शेष 18 जिलों में इसे अभी पूरा किया जाना है।
इस बीच सभी संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रोस्टर प्रक्रिया को निर्धारित समय- सीमा के भीतर पूरा करा लें।
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) का परीक्षाफल जारी होने के बाद चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार एसटीईटी का परिणाम जल्द जारी होने की संभावना है, जिसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित