पटना , जून 03 -- बिहार में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य के सात सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों के 10 पाठ्यक्रमों को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिटेशन (एनबीए) की प्रतिष्ठित मान्यता प्राप्त हुई है। मान्यता प्राप्त संस्थानों में राजकीय पॉलिटेक्निक औरंगाबाद का मैकेनिकल इंजीनियरिंग, राजकीय पॉलिटेक्निक छपरा का इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, राजकीय पॉलिटेक्निक किशनगंज का मैकेनिकल इंजीनियरिंग, राजकीय पॉलिटेक्निक सुपौल का मैकेनिकल इंजीनियरिंग, राजकीय पॉलिटेक्निक सहरसा के इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम, राजकीय पॉलिटेक्निक पश्चिम चंपारण का मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा न्यू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक पटना-13 के इलेक्ट्रिकल एवं कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में न्यू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, पटना-13 को सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विषयों में एनबीए मान्यता प्राप्त हुई थी।
इस उपलब्धि पर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा में मान्यता का अभाव एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन दस्तावेजीकरण, अनुसंधान एवं विकास तथा प्लेसमेंट जैसे क्षेत्रों में हुए सुधारों के कारण यह सफलता संभव हो सकी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित