मोतिहारी , अप्रैल 02 -- जनसुराज पार्टी चंपारण प्रक्षेत्र के मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में जनसुराज पार्टी ही एकमात्र विकल्प बन कर सामने आएगी।

श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौर की समाप्ति के बाद जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर एक बेहतर विकल्प के रूप में सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को प्रगति पथ पर आगे बढाने के लिए श्री किशोर के अलावा बिहार में कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है और यह तय है कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास उन्हीं की सोच और सिद्धात से संभव होगा।

चंपारण प्रक्षेत्र के मीडिया प्रभारी ने कहा है कि जन सुराज पार्टी " सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे सन्तु निरामय: " की वैदिक अवधारणा पर आधारित है, जहां जात - पात और धर्म - मजहब की बातें नहीं, अपितु सभी बिहारियों के कल्याण और उत्थान की बातें की जाती है। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा और उसके गठबंधन के नेता, मंत्री लूट- खसोट में व्यस्त हैं। उन्हें बिहार से हो रहे निरंतर पलायन, बेरोजगारी, खराब शिक्षा व्यवस्था और रोज बढ़ रही ग़रीबी की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व के नाम पर वोट लेना और लोगों को ठगना इनकी राजनीति का मूल है। उन्होंने कहा कि जनता इसे देख रही है और भविष्य में इसके परिणाम सामने आएंगे।

श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) का वजूद धीरे धीरे खत्म हो रहा है और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को समाप्त करने की योजना पर भाजपा काम कर रही है। ऐसे में बिहार में भाजपा के खिलाफ जन सुराज पार्टी ही एकमात्र विकल्प बन कर सामने आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित