पटना , जुलाई 02 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को घोषणा की कि राज्य के सभी 9 प्रमंडलों में विशेष निगरानी न्यायालय (स्पेशल विजिलेंस कोर्ट) की स्थापना की जाएगी, जिससे भ्रष्टाचार के मामलों का त्वरित निस्तारण हो तथा दोषियों को शीघ्र दंड मिल सके। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस एवं बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के प्रत्येक जिले में निगरानी थाना तथा सभी अनुमंडलों में निगरानी ओपी स्थापित करने की व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने कहा कि अपराध एवं आर्थिक अपराध से जुड़े मामलों में सरकारी गवाहों को गवाही देने के लिए आने-जाने के लिये परिवहन भत्ता उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, स्पेशल विजिलेंस यूनिट तथा आर्थिक अपराध इकाई को विशेषज्ञों की मदद से आधुनिक और स्मार्ट कार्यप्रणाली विकसित करने का निर्देश देते हुए कहा कि इन एजेंसियों को इतना सक्षम बनाया जाएगा कि विशेष परिस्थितियों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को भी इनके सहयोग की आवश्यकता महसूस हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनकी जब्त संपत्तियों में विद्यालय संचालित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों, विधायकों तथा शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक के अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि गरीबों को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से 'सहयोग शिविर' कार्यक्रम चलाया जा रहा है। न्याय के साथ विकास तभी संभव है, जब सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी गड़बड़ी के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

श्री चौधरी ने कहा कि शॉर्टकट की संस्कृति छोड़कर ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार की नींव मजबूत की है, जिसे आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसपेरेंसी, टेक्नोलॉजी और ट्रस्ट (ट्रिपल टी ) के आधार पर बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा, जिससे सुशासन को नई मजबूती मिलेगी।उन्होंने लोगों से समृद्ध बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित