पटना, जुलाई 01 -- बिहार सरकार प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को पत्र जारी कर 4 जुलाई को सभी सरकारी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) बुलाने के निर्देश दिए हैं।
इस संगोष्ठी के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा, नियमित उपस्थिति और विद्यालय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के प्रति जागरूक व प्रेरित किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि संगोष्ठी में विशेष रूप से ड्रॉपआउट बच्चों के दोबारा नामांकन, विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण बनाने, सरकारी शैक्षिक योजनाओं की जानकारी देने तथा विद्यालयों में उपलब्ध मौलिक सुविधाओं के बारे में चर्चा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 22 से 27 जून के बीच आयोजित स्वागत सप्ताह (बैक टू स्कूल अभियान) के दौरान 27 जून को कई विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के कारण अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन नहीं हो पाया था। इसे देखते हुए प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को पत्र जारी कर 4 जुलाई को पीटीएम बुलाने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी वर्गवार होगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा अभिभावक भाग ले सकें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इससे बच्चों के शैक्षणिक विकास में परिवार और विद्यालय की साझेदारी को और मजबूत बनाया जा सकेगा। अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से बच्चों की नियमित उपस्थिति, सीखने की गुणवत्ता तथा विद्यालय से जुड़ाव में सकारात्मक सुधार आएगा। इसी उद्देश्य से सभी विद्यालयों को संगोष्ठी की तैयारियों का निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित