पटना , जुलाई 21 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि आगामी 15 अगस्त तक बिहार के विद्यालयों में बंद पड़े कम्यूटरों को संचालित करने के साथ डिजिटल पढ़ाई की व्यवस्था शुरू हो जाएगी।

श्री तिवारी ने आज लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सदन में नेता राजू तिवारी के अल्पसूचित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वर्ष 2012-13 में बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बीएसई आईडीसी) की योजना के तहत विद्यालयो में कम्प्यूटर लगाए गए थे। उन्होंने माना कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह महत्वकांक्षी योजना कार्यान्वयन में गड़बड़ी के कारण आगे नही बढ़ पाई और ज्यादातर विद्यालयों में कम्प्यूटर बंद पड़े हैं।

श्री तिवारी ने इस संबंध में जांच की मांग पर कहा कि उन्होंने पहले ही इसकी रिपोर्ट मंगा ली है और विभाग इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं डिजिटल शिक्षा में रुचि लेने के साथ डिजिटल शिक्षा के विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही मॉडल स्कूलों के उद्घाटन के साथ श्री चौधरी ने 150 विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई की शुरुआत भी की थी और बिहार के इन सभी विद्यालयों में आगामी 15 अगस्त तक डिजिटल शिक्षा शुरू करने के निर्देश दिए गये हैं।

श्री तिवारी ने कहा कि दो दिन बाद ही उन्हें शिक्षा मंत्रालय की एक बैठक के लिए दिल्ली जाना है और वहां भी आधुनिक तकनीक से होने वाली शिक्षा पर विमर्श होना है। उन्होंने कहा कि वह सदन को आश्वासन देना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी के निर्देश का पालन करते हुए आगामी 15 अगस्त तक सभी विद्यालयो में बंद कम्प्यूटर पुनः चालू कर दिए जाएंगे और डिजिटल पढ़ाई शुरू हो जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पुराने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की भी व्यवस्था की जाएगी।

इससे पहले श्री तिवारी ने सदन में सवाल किया था कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत बहुत से विद्यालयों में डिजिटल पढ़ाई के लिए कम्प्यूटर स्थापित किये गए थे, लेकिन यह योजना सिर्फ कागज पर रह गयी और सभी विद्यालयों में कम्प्यूटर बंद हालत में धूल फांक रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की थी कि इस मामले की जांच करवा कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित