पटना, अप्रैल 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने मंगलवार को कहा कि देश के किसी भी हिस्से में बिहार के लोगों के साथ मारपीट या अपमान की घटना घोर निंदनीय है और ऐसी घटनाओं पर सरकार सख्त कार्रवाई के लिए कृत संकल्पित है।

श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में बिहार के युवक की हत्या के मामले को गहनता के साथ छानबीन की जायेगी और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जायेगी।उन्होंने सोशल मीडिया 'एक्स' पर इस मामले को लेकर तेजस्वी यादव के हैंडल से पोस्ट किये गये बयान पर कहा कि ऐसे मुद्दों पर राजनीति करना विपक्ष की गिरती सियासत को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा को किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।

श्री मिश्र कहा कि यह काफी दुखद है कि विपक्षी दल ऐसी घटनाओं को भी राजनीतिक नजररिये से देखते हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में बिहार के लोगों के साथ जब अपमानजनक व्यवहार किया जाता है, ये मौन धारण कर लेते हैं। बिहार के लोगों के सम्मान के साथ भाजपा कभी समझौता नहीं करेगी।

श्री मिश्र ने कहा कि बिहारी होना गर्व की बात है और अब वह दौर बीत चुका है जब लोग अपनी पहचान बताने में हिचकते थे। उन्होंने वर्ष 2005 से पहले के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि तब बिहार की पहचान अपहरण उद्योग और चारा घोटाला जैसे मामलों से जुड़ी थी, लेकिन अब राज्य उस दौर से बाहर निकल चुका है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के कार्यकाल में बिहार की सूरत और सीरत दोनों बदली हैं और आज राज्य तेज़ी से विकास करने वाले प्रदेशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग मेहनत और ईमानदारी से जीवन यापन करते हैं और उनके साथ किसी भी तरह का गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित