नयी दिल्ली , जून 29 -- ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद मुजतबा खामेनेई ने ईद-उल-अज़हा की बधाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है और भरोसा जताया है कि भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती और गहरी होती जाएगी।

इस बीच, राजनयिक सूत्रों ने बताया कि ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवा निवृत) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अयातुल्ला खामेनेई ने प्रधानमंत्री के संदेश के जवाब में कहा, "मुझे भरोसा है कि हमारे दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित ऐतिहासिक दोस्ती, हमारी दोनों सरकारों की कोशिशों से और मजबूत और विस्तृत होती रहेगी।" उन्होंने भारत की निरंतर प्रगति और भारतीय सरकार लोगों की सफलता की भी कामना की।

उन्होंने कहा, "मैं सर्वशक्तिमान ईश्वर से भारत सरकार और वहां के महान लोगों की समृद्धि और निरंतर सफलता के लिए प्रार्थना करता हूं।"86 वर्षीय अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई इस वर्ष 28 फरवरी को तेहरान पर इजरायली और अमेरिकी हवाई हमलों में मारे गए थे। उन्होंने 36 वर्षों तक इस्लामिक गणराज्य का नेतृत्व किया था।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया था। हालांकि, भारत ने तेहरान में होने वाले समारोहों में आधिकारिक प्रतिनिधियों के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) हसनैन और राज्य मंत्री श्री मार्गेरिटा को भेजने का फैसला किया है।

ये दोनों चार जुलाई को ईरान की राजधानी पहुंचेंगे और अंतिम संस्कार की रस्म में शामिल होंगे जो ईरान के राष्ट्रीय शोक में भारत की आधिकारिक भागीदारी का प्रतीक होगा।

अंतिम संस्कार की रस्म चार जुलाई को तेहरान में शुरू होगी और 9 जुलाई को मशहद में इमाम रज़ा दरगाह पर खामेनेई को दफनाने के साथ संपन्न होंगे। ईरानी अधिकारियों ने पांच शहरों में फैले छह दिवसीय कार्यक्रम की घोषणा की है।

सार्वजनिक विदाई समारोह चार जुलाई को स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजे तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड प्रेयर ग्राउंड में शुरू होगा और रात आठ बजे तक चलेगा। अंतिम संस्कार की नमाज़ पांच जुलाई की सुबह होनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित