पटना, फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ में होने वाली खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में शामिल होने के लिए फर्स्ट फेज में चयनित बिहार के फुटबॉल खिलाड़ियों के बीच स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया।
पाटलिपुत्र खेल परिसर में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ,खेल विभाग के सचिव महेन्द्र कुमार और खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी ने स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया।
श्री शंकरण ने बताया कि छत्तीसगढ़ में होने वाली खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए बिहार की महिला और पुरुष फुटबॉल टीम के लिए राज्य के अंदर खिलाडियों का कैंप में चयन ट्रायल हुआ। उन्होंने कहा कि महिला टीम के लिए 26 में से 22 खिलाड़ी और पुरुष टीम के लिए 34 में से 22 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के दूसरे फेज के चयन ट्रायल के लिए चयनित हुए हैं।सेकंड फेज का चयन ट्रायल 20 से 28 फरवरी तक पुरुषों के लिए मोरहाबादी मैदान स्टेडियम में और महिलाओं के लिए बाइचुंग स्टेडियम, नानची, साउथ सिक्किम में होगा।
श्री शंकरण ने बताया कि इस चयन ट्रायल में चयनित होने के बाद ही खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में बिहार के खिलाड़ी खेल सकेंगे। सेकंड फेज के चयन ट्रायल के लिए जाने से पहले बिहार के खिलाडियों के बीच जर्सी, जूते, बैग के साथ स्पोर्ट्स किट का वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित