मोतिहारी , मई 23 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र से पुलिस ने 2160 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की मध्य रात्रि में मधुबन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मधुबन-शिवहर बॉर्डर इलाके में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप डिलीवरी के लिए रखी गई है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात बंजरिया गांव स्थित बसवारी इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-227 से करीब 200 मीटर अंदर कार्रवाई करते हुए 240 कार्टन विदेशी शराब बरामद की । जब्त शराब की मात्रा करीब 2160 लीटर बताई जा रही है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस की दबिश के दौरान शराब तस्कर और वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने पूरी शराब खेप जब्त कर थाना लाते हुए मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित