पटना , मई 24 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के शताब्दी वर्ष में आयोजित व्यावसायिक समागम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के पास युवा शक्ति, कृषि संसाधन, पर्यटन और उद्यमशीलता जैसी बड़ी ताकतें हैं और इस सुविधासंपन्न स्थिति का लाभ ले कर प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, नवाचार और निवेश को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने कहा कि बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज ने पिछले 100 वर्षों में व्यापारिक समुदाय का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और आपदा के समय सहयोगात्मक भूमिका की सराहना की।

श्री हसनैन ने कहा कि बिहार ज्ञान और सभ्यता की प्राचीन भूमि रहा है। नालंदा और विक्रमशिला विश्वविद्यालय की परंपराएँ आज भी बिहार को विशेष पहचान देती हैं। बिहार देश के सबसे युवा राज्यों में से एक है और युवाओं की ऊर्जा तथा प्रतिभा राज्य की सबसे बड़ी पूँजी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित