पटना , मई 15 -- पटना नगर निगम ने शहर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त "स्ट्रीट फूड हब" विकसित करने का प्रस्ताव शहरी विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार को भेजा है।
राजधानी पटना में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान दिलाने और स्ट्रीट फूड संस्कृति को व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से पटना नगर निगम ने शहर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त "स्ट्रीट फूड हब" विकसित करने का प्रस्ताव शहरी विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार को भेजा है। यह निर्माण प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा यह पहल सार्वजनिक स्थलों पर फूड हाइजीन सुनिश्चित करने, स्ट्रीट वेंडर्स को स्वच्छ एवं सुरक्षित वेंडिंग स्थल उपलब्ध कराने तथा शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। योजना के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में ऑफ-स्ट्रीट फूड वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे, ताकि सड़क किनारे अनियमित ढंग से लगने वाली दुकानों को सुव्यवस्थित किया जा सके और लोगों को बेहतर खाद्य अनुभव मिल सके।
प्रस्तावित फूड हब के लिए तीन स्थलों यथा जेपी गंगा पथ (दीघा गोलंबर),खटाल गली, कोतवाली एवं मीठापुर स्थित निर्माणाधीन कॉमन सर्विस सेंटर परिसर का चयन किया गया है। फूड हब में किसी प्रकार का स्थायी निर्माण नहीं किया जाएगा, बल्कि आधुनिक और व्यवस्थित अस्थायी संरचनाओं के माध्यम से वेंडिंग की सुविधा विकसित की जाएगी। यहां भोजन बनाने, बेचने और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त आम लोगों के बैठने के लिए आकर्षक एवं आरामदायक स्पेस विकसित किया जाएगा। परिसर में स्वच्छ शौचालय, पेयजल, बेहतर लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, पार्किंग और साफ-सफाई की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित