पटना , जून 04 -- बिहार की विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की मंत्री श्रीमती शीला कुमारी ने गुरुवार को कहा कि राज्य के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ बेहतर रोजगार के अवसर भी राज्य में ही उपलब्ध कराए जाएंगें। मंत्री श्रीमती शीला कुमारी ने आज विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं राजकीय पॉलिटेकनिक संस्थानों के प्राचार्यों के साथ समीक्षात्मक बैठक में कहा कि विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग छात्र-छात्राओं के प्लेसमेंट को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा, जिससे वे अन्य राज्यों की ओर पलायन ना करें और बिहार प्रतिभा एवं अवसर दोनों का केंद्र बन सके।

मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं पॉलिटेकनिक संस्थानों में एक सक्रिय प्लेसमेंट सेल की स्थापना की जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्राचार्यों के प्रदर्शन का मूल्यांकन और ग्रेडिंग, संस्थानों के प्लेसमेंट रिकॉर्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने प्लेसमेंट गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कमियों को सुधारने और विद्यार्थियों के नियोजन अवसरों में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने कहा।

मंत्री ने विद्यार्थियों को नियमित एक्सपोजर विज़िट्स आयोजित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करना भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे एवं अन्य प्रमुख औद्योगिक और तकनीकी केंद्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्थानों को सक्रिय प्रयास करने होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित