पटना , मई 25 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन के साथ राज्य में उच्च शिक्षा को मजबूत बनाने के मुद्दे पर विस्तृत विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की, जहां दोनों नेताओं के बीच राज्य में उच्च शिक्षा की वर्तमान स्थिति और शैक्षणिक सुधारों को विषय पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने बिहार के उच्च शिक्षण संस्थानों में गुणवत्ता, पहुंच और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विमर्श किया। इस विमर्श के दौरान विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने, आधारभूत संरचना को उन्नत करने तथा शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के उपायों पर भी विचार किया गया।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय शिक्षा लक्ष्यों और उभरते वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने पर भी जोर दिया गया, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
इस विमर्श के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई, जबकि राज्यपाल ने सुधारों के प्रभावी क्रियान्वयन, संस्थागत क्षमता निर्माण और उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने दीर्घकालिक प्रगति के लिए सहयोग, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और प्रभावी नीतिगत क्रियान्वयन के महत्व को भी रेखांकित किया।
बाद में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह बैठक बिहार के उच्च शिक्षा तंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ठोस नीतिगत पहलों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित