पटना , जून 19 -- बिहार के पूर्व कृषि एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए शुरू किया गया 'बिहार कृषि ऐप' और 'खेत बचाओ अभियान' किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है।श्री पांडेय ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि 'बिहार कृषि ऐप' के माध्यम से किसान अब घर बैठे उद्यानिकी फसलों पर 75 प्रतिशत तक अनुदान के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित यह पहल किसानों को भ्रष्टाचार और बिचौलियों से मुक्ति दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं मिट्टी के स्वास्थ्य संरक्षण और कृषि लागत कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा 'खेत बचाओ अभियान' भविष्य में किसानों की आय बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
भाजपा नेता ने कहा कि वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के किसान हितैषी निर्णयों की सराहना करते हैं। उनके नेतृत्व में बिहार कृषि क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस विजन की भी प्रशंसा की, जिसकी नींव पर राज्य में कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है।
श्री पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र से प्रेरित होकर केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा जैसी योजनाओं ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से बिहार का किसान अधिक समृद्ध और सशक्त बन रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। प्रत्येक पात्र किसान को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 2,000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त होगी।
श्री पांडेय ने इसके लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित