पटना , अक्टूबर 02 -- ेशभर की पंचायतों में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में बिहार ने शानदार प्रदर्शन किया है। पंचायत निर्णय पोर्टल पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, शाम सात बजे तक बिहार की 96.32 प्रतिशत पंचायतों ने सफलतापूर्वक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया है।

पीपुल्स प्लान कैंपेन (पीपीसी) 2026-27 'सबकी योजना, सबका विकास' के तहत आयोजित इस विशेष ग्राम सभा में नशामुक्त बिहार, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।

सभाओं में स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान की गई, जिसके आधार पर पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार की जाएगी। इस दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कचरे को स्रोत पर चार श्रेणियों में अलग करने, स्वच्छता सर्वेक्षण, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण और नशामुक्त बिहार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों ने "नशा नहीं करेंगे और नशे से दूर रहेंगे" की सामूहिक शपथ ली।

आज शाम सात बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में 10 लाख 45 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया है, जिसमें 4 लाख 2 हजार से अधिक महिलाएं और 6 लाख 42 हजार से अधिक पुरुष शामिल रहे।

इससे पहले एक अक्टूबर को 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' थीम पर सभी पंचायतों में श्रमदान के माध्यम से विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया था। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के पीछे पंचायती राज विभाग का सघन अभियान, जीविका दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय रहा है।

बिहार की पंचायतों ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि सही नेतृत्व और जन -भागीदारी से बड़े बदलावों की ओर कदम बढ़ाया जा सकता है।

इस अवसर पर विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह ने सहरसा, अपर सचिव डॉ. आदित्य प्रकाश ने पूर्णिया, अपर सचिव मो. वसीम अहमद ने पटना, विशेष सचिव श्री नज़र हुसैन ने वैशाली, वहीं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने राज्य के अन्य जिलों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में सहभागिता की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित