पटना, अगस्त 07 -- हिंदी नवजागरण के अग्रदूत आचार्य शिवपूजन सहाय की 133 वीं जयंती पर तीन दिवसीय समारोह 08 अगस्त से शुरू हो रहा है।

स्वर्गीय श्री सहाय की जयंती समारोह का शुभारंभ पटना संग्रहालय में आयोजित एक समारोह के साथ होगा और इसका समापन आगामी 10 अगस्त को बक्सर में होगा।

स्त्री दर्पण और पटना संग्रहालय की ओर से आयोजित मुख्य समारोह में श्री सहाय के उपन्यास देहाती दुनिया के सौ साल होने पर चर्चा होगी और उस पर एक फ़िल्म भी दिखाई जायेगी। यह उपन्यास 1926 में लहेरियासराय के पुस्तक भंडार से प्रकाशित हुआ था।

समारोह की अध्यक्षता बिहार विधान परिषद के उपसभापति एवम आलोचक रामवचन राय करेंगे। इस चर्चा में पटना कालेज के पूर्व प्राचार्य तरुण कुमार, पूर्व मुख्य सचिव एवम उपन्यासकार त्रिपुरारि शरण चर्चित लेखक संतोष दीक्षित , आयाम की अध्यक्ष नीलिमा सिंह, संस्कृतिकर्मी अनीस अंकुर तथा शिवपूजन सहाय के प्रपौत्र सीताराम शरण वक्ता होंगे।

स्त्री दर्पण की ओर से जारी बयान के अनुसार समारोह में हिंदी के वरिष्ठ कवि एवं पत्रकार विमल कुमार की पुस्तक 'तवायफनामा' पर एक लघु फ़िल्म दिखाई जाएगी, जिसमें भारत में ग्रामोफोन रिकार्डिंग के 125 साल की यात्रा को पेश किया जाएगा।

किताब पर चर्चा समाजिक कार्यकर्ता एवम कवयित्री निवेदिता झा और युवा आलोचक फिल्मकार कृष्ण समिद्ध करेंगे।

श्री सहाय की जयंती पर बक्सर जिले में स्थित उनके पैत्रिक गांव उनवास में 09 अगस्त को एक समारोह आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता महर्षि विश्वामित्र कालेज के प्राचार्य के. के. सिंह करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित