नयी दिल्ली , नवंबर 25 -- बिहार चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली करारी हार के बाद पार्टी के अंदर विरोध बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व ने इस पर सोमवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण सात नेताओं को छह वर्ष के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया है।
बिहार कांग्रेस के कई नेता मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। नाराज नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने का समय मांगा हैं। कांग्रेस कमेटी के सदस्य, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और बिहार कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में मौजूद हैं। बिहार में पार्टी को मिली हार के लिए नाराज नेता प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम पर टिकट देने में धांधली का आरोप लगा रहे हैं। नाराज नेताओं का मानना है हार की ज़िम्मेदारी तय होनी चाहिए और प्रभारी-प्रदेश अध्यक्ष को अपने पद से इस्तीफ़ा देना चाहिए।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेतृत्व ने बिहार चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों, भ्रामक बयानबाजी और संगठनात्मक निर्णयों की अवहेलना के लिए सात नेताओं को छह वर्ष के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया है। बिहार महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने पहले ही अपने पद से इस्तीफे दे दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित