पटना , मार्च 27 -- बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान खेली जा रही बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के छठे चक्र के बाद ग्रैंडमास्टर पीटर किरियाकोव सहित तीन खिलाड़ी छह अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।

आज छठे चक्र में बोर्ड नम्बर एक पर काले मोहरों से खेल रहे ग्रैंडमास्टर पीटर ने पटना की चुनौती तबशीर आलम को 41 चालों में पराजित कर दिया। हालांकि आज मुकाबले के रोमांच को सभी दर्शकों ने महसूस किया। कई बार ऐसा लग रहा था कि बाजी ड्रा हो जाएगी लेकिन अनुभव और ज्ञान के धनी ग्रैंडमास्टर ने फ्रेंच के इस खेल में अपने बिशप की जोड़ी को मारक बनाते हुए बाजी जीत ली।

दूसरे नंबर बोर्ड पर इंद्रजीत मनिंद्राकर ने सफेद मोहरों से खेलते हुए इंडियन सुरक्षा पद्धति को 31 चालों में भेद कर परिणाम अपने पक्ष में कर लिया।

तीन नम्बर बोर्ड पर बंगाल के परमब्रता सरकार ने बिहार के पूर्व राज्य चैंपियन सौरभ रूप को एंग्लो इंडियन डिफेंस में मात्र 21 चालों में बाजी छोड़ने पर मजबूर कर दिया।

पांच अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे एक और खिलाड़ी , झारखंड के कृष्ण कुमार साव को दिल्ली के सुंदरम ने 85 चालों की मैराथन बाजी में पराजित कर दिया।

इससे पहले आज राज्य की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंच कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों एवं आयोजकों को राज्य सरकार के तरफ से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना एवं सचिव धर्मेंद्र कुमार ने स्मृति चिन्ह देकर मंत्री सुश्री सिंह को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्राधिकरण के उपनिदेशक हिमांशु सिंह ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित