पटना , मार्च 29 -- बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का ख़िताब रविवार को महाराष्ट्र के इंद्रजीत महिंद्रकर ने जीता, जबकि रुसी ग्रैंडमास्टर पीटर किरियाकोव उपविजेता रहे।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता आज सम्पन्न हो गई।

प्रतियोगिता के अंतिम चक्र में बोर्ड नम्बर एक पर रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर किरियाकोव ने शुरुआती भूल के बाद महज तेरह चालों में बाजी ड्रा कर ली। वहीं दो नम्बर बोर्ड पर महाराष्ट्र के महेंद्रकर इंद्रजीत ने बंगाल परमब्रत सरकार को पराजित कर शीर्ष पर आ गए।

यह मुकाबला तब और भी रोचक हो गया जब हरियाणा के पृथ्वी शर्मा ने नेपाल चैंपियन रुपेश जायसवाल को पराजित कर शीर्ष स्कोर ग्रुप में स्थान बना लिया। इस तरह आठ अंकों के साथ पीटर, महिंद्रकर एवं पृथ्वी तीनों संयुक्त रूप से शीर्ष पर आ गए। इसके बाद टाई ब्रेक अंकों के आधार पर हुए निर्णय में आधे अंक के अंतर से इंद्रजीत महिंद्राकार को विजेता , ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव को उपविजेता तथा पृथ्वी शर्मा को द्वितीय उपविजेता का खिताब मिला ।

प्रतियोगिता की समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं नगद इनामी राशि से पुरस्कृत किया।

पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री ने शतरंज को बौद्धिक विकास के बेहतर बताया और इसे प्राथमिक शिक्षा में सम्मिलित करने की बात कही।

इस अवसर पर बोलते हुए खेल मंत्री सुश्री सिंह ने कहा कि 2036 में देश में आयोजित हो रहे ओलिंपिक खेलों के मद्देनजर बिहार की तैयारियों तथा अधिकाधिक भागीदारी की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित