, Feb. 7 -- विभागीय सचिव डॉ. प्रतिमा ने बताया कि उमंग का आयोजन तीन-स्तरीय संरचना के अंतर्गत किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में सभी राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में संस्थान स्तर पर प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं। द्वितीय चरण में प्रमंडल स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं का चयन किया जाता है, जबकि तृतीय चरण में प्रमंडल विजेताओं के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।
सचिव ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उमंग-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए 07 फरवरी से 09 फरवरी 2026 तक तथा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों के लिए 10 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है।
डा. प्रतिमा ने बताया कि खेल-कूद प्रतियोगिताएँ पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित होंगी, जबकि साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ राजकीय पॉलिटेक्निक, गुलजारबाग, पटना-7 में संपन्न होंगी। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों से खेल-कूद प्रतियोगिताओं में लगभग 900 छात्र-छात्राएँ एवं 400 शिक्षक, जबकि साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में लगभग 200 छात्र-छात्राएँ भाग लेंगी। इसी प्रकार राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों से खेल-कूद प्रतियोगिताओं में लगभग 900 छात्र-छात्राएँ एवं 400 शिक्षक तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में लगभग 200 छात्र-छात्राएँ भाग लेगें।
इस अवसर पर निदेशक अहमद महमूद ने कहा कि 'उमंग-2026' के माध्यम से तकनीकी संस्थानों में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को एक सुसंगठित, प्रतिस्पर्धात्मक और राज्य स्तरीय पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आयोजन के सफल संचालन के लिये सभी संबंधित संस्थानों, नोडल अधिकारियों एवं आयोजन समितियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया गया है, जिससे प्रतिभागी छात्रों को एक अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण प्राप्त हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित