पटना , जून 24 -- िन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार में पाँच नए निजी विश्वविद्यालयों को मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए इसे राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया है।डॉ. सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि वर्षों तक बिहार के लाखों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए राज्य से बाहर जाना पड़ता था, जिससे उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ पड़ता था और प्रतिभा का पलायन भी होता था। उन्होंने कहा कि नए विश्वविद्यालयों की स्थापना से न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने राज्य में उपलब्ध होगी, बल्कि शोध, नवाचार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

श्री सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में इंजीनियरिंग, चिकित्सा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के संस्थानों का विस्तार हुआ है। अब निजी विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़ने से बिहार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर होगा।

डॉ. सुमन ने कहा कि देश के कई राज्यों में निजी विश्वविद्यालयों ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, उद्योगों के साथ तालमेल स्थापित करने तथा शोध संस्कृति को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी इन विश्वविद्यालयों के माध्यम से आधुनिक पाठ्यक्रम, कौशल विकास, स्टार्टअप संस्कृति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, स्वास्थ्य विज्ञान और प्रबंधन शिक्षा जैसे क्षेत्रों में नए अवसर विकसित होंगे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार समय की आवश्यकता है। बिहार जैसे युवा राज्य में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अधिक विकल्प उपलब्ध होना सामाजिक और आर्थिक विकास दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. सुमन ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में बिहार केवल छात्रों को शिक्षित करने वाला राज्य ही नहीं, बल्कि शोध, नवाचार और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बिहार को "शिक्षा की धरती" के रूप में उसकी गौरवशाली परंपरा से जोड़ते हुए नए युग की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित