, Sept. 8 -- प्रमंडलीय आयुक्त ने नगर परिषद फुलवारी शरीफ, गर्दनीबाग के कार्यपालक पदाधिकारी तथा पटना नगर निगम के आयुक्त को निर्देश दिये कि एयरपोर्ट के आसपास अनधिकृत मांस-मछली की दुकानें संचालित न हों तथा किसी भी दुकान में खुले में मांस-मछली की बिक्री नहीं की जाए, इसे सुनिश्चित करावे।उन्होंने स्थायी वेंडर जोन चिह्नित कर वहां व्यवस्थित रूप से इस तरह के दुकानों के संचालन की व्यवस्था करने के निर्देश दिये ।उन्होंने एयरपोर्ट के प्रतिनिधि एवं संबंधित नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी को संयुक्त निरीक्षण कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये।एयरपोर्ट के चारों ओर लगभग 10 किलोमीटर की परिधि में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि इस क्षेत्र में कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा रेलवे लाइन के आसपास की गंदगी को भी प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए।

रेलवे के अधिकारियों को अपने क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एयरपोर्ट की सुरक्षा एवं पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने को भी कहा गया।

एयरपोर्ट के आसपास जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए बुडको को ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित