, May 16 -- श्री वरवड़े ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि इसी के तहत जनता की समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिये सहयोग शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के आलोक में सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ''सबका सम्मान, जीवन आसान'' (ईज ऑफ लिविंग) के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन-समस्याओं के त्वरित तथा प्रभावी समाधान के लिये 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है तथा जनता की राशन, पेंशन, आवास, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, सड़क सहित किसी भी सरकारी योजना से संबंधित समस्याओं का त्वरित एवं विधिवत समाधान कर आवेदकों को लिखित रूप से सूचना दी जाएगी। परिवाद दर्ज करने की तिथि से 30 दिनों के अंदर उसका निष्पादन सुनिश्चित कर सहयोग पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। आयुक्त श्री वरवड़े ने कहा कि पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है कि राज्य सरकार के निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करें। प्रमंडल अंतर्गत सभी जिला पदाधिकारियों को इसका अनुश्रवण करने का निदेश दिया गया है।

आयुक्त ने कहा कि पदाधिकारियों को आम जनता से नियमित तौर पर संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक लेने का भी निदेश दिया गया।

आयुक्त श्री वरवड़े ने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन में पारदर्शिता एवं उतरदायित्व सुनिश्चित की जाएगी। सभी पदाधिकारी आपस में सुदृढ़ समन्वय तथा सार्थक संवाद स्थापित कर जनता के कार्यों का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित