, Sept. 21 -- अभियान बसेरा के तहत वासभूमिहीन लाभार्थियों की सुविधा के लिए पंचायत स्तर पर आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए पंचायत सरकार भवन में चार दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक लाभार्थी अपने पंचायत में आयोजित शिविर में पहुंचकर वासभूमि के लिए आवेदन जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें आवेदन जमा करने के लिए अंचल कार्यालय या पटना जाने की जरूरत नहीं होगी।विभाग के सचिव जय सिंह ने स्पष्ट किया है कि अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में भी जमा किया जा सकता है। सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आवेदन प्राप्त करना सुनिश्चित करें और आवेदक को प्राप्ति रसीद अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
आवेदन जमा नहीं होने की स्थिति में संबंधित अंचलाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। लाभार्थियों से अपील की गई है कि आवेदन जमा करते समय प्राप्ति रसीद अवश्य लें और उसे सुरक्षित रखें।
विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ संभावित वासभूमिहीन लाभार्थियों के बीच आवेदन जमा कराने के लिए पटना आने की जरूरत होने का भ्रम फैलाया जा रहा है। विभाग ने ऐसी जानकारी को भ्रामक बताते हुए लोगों से किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की है।
मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों को आवेदन के नाम पर पटना भेजकर भ्रमित करने वाले व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए आवेदन अपने पंचायत में आयोजित शिविर, संबंधित अंचल कार्यालय अथवा बिहारभूमि पोर्टल के माध्यम से जमा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित