पटना , मई 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बिहार अग्निशमन सेवा को 80 नए अत्याधुनिक अग्निशमन वाहन समर्पित करते हुए कहा कि राज्य के अग्निशमन जवान आपदा की हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज बिहार अग्निशमन सेवा के सुदृढ़ीकरण के लिए खरीदे गए 80 नए अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार अग्निशमन सेवा के जवान प्रदेशवासियों को पूर्ण रूप से सुरक्षित रखने में अपना अहम योगदान देते रहें।
ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आधुनिक अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उन्होंने अवलोकन किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को न्यूमेटिक एयरलिफ्टिंग बैग, हाइड्रोलिक डोर ओपनर, हाई प्रेशर पोर्टेबल पंप, मल्टी गैस डिटेक्टर, स्मोक एग्जॉस्टर और रिमोट एरिया लाइटिंग जैसे अत्याधुनिक उपकरणों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने अग्निशमन सेवा के जवानों को "वीर योद्धा" बताते हुए कहा कि वे आपदा की घड़ी में लोगों की जान बचाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में 8000 से अधिक प्रशिक्षित जवान कार्यरत हैं, जो अग्निकांड समेत विभिन्न आपदाओं से लोगों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित