विजयवाड़ा , फरवरी 16 -- अमेरिकी उद्योगपति बिल गेट्स ने सोमवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ अमरावती स्थित सचिवालय में रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी (आरटीजीएस) का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने दौरे के दौरान रियल टाइम गवर्नेंस के माध्यम से नागरिक सेवाओं को तेज और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी दी। श्री गेट्स ने डाटा लेक, अवेयर 2.0, व्हाट्सएप गवर्नेंस, संजीवनी परियोजना तथा अमरावती की राजधानी विकास योजनाओं से संबंधित प्रमुख पहलों के बारे में जानकारी ली।
प्रस्तुतियों के दौरान बताया गया कि सभी सरकारी विभाग डाटा लेक के माध्यम से आपस में जुड़े हुए हैं, जिससे वास्तविक समय में निर्णय लेने में मदद मिलती है। नागरिक सेवाओं को सरल बनाने के प्रयासों से प्रभावित गेट्स ने डाटा लेक और व्हाट्सएप गवर्नेंस की सराहना की। मुख्यमंत्री ने बताया कि अवेयर 2.0 प्रणाली रियल टाइम सूचना एकत्र कर सरकार को त्वरित और सूचित निर्णय लेने में सक्षम बनाती है।
श्री गेट्स ने विभिन्न योजनाओं पर जन प्रतिक्रिया तंत्र, प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) के माध्यम से सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) की नियमित समीक्षा तथा ब्लॉकचेन तकनीक और क्यूआर कोड के जरिए भूमि अभिलेखों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने राज्य की कर संग्रह प्रणाली को "अद्भुत" बताया और कहा कि जीएसटी लागू होने से राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित