बिलासपुर , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के खपरगंज इलाके में दो गुटों के बीच हुई हिंसा और पथराव के मामले में फरार मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह को पुलिस ने मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी माकरी गांव में अपने दोस्त धीरेंद्र पटेल के घर पर छिपा हुआ था। मामले में दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी सोहेल खान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, खपरगंज में हुए बवाल के बाद से ठाकुर राम सिंह फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं। इस दौरान उसके रिश्तेदारों और दोस्तों से भी पूछताछ की गई। पुलिस को उसके मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में होने की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए उसे माकरी गांव से गिरफ्तार किया गया।

राम सिंह गुट से जुड़े पांच आरोपियों को पुलिस इससे पहले गिरफ्तार कर चुकी थी। ठाकुर राम सिंह की गिरफ्तारी के साथ इस प्रकरण में अब तक कुल 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

घटना के बाद फरारी के दौरान राम सिंह ने एक वीडियो भी जारी किया था। वीडियो में उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उसे केवल इसलिए अपराधी बनाया गया क्योंकि उसने अपने धर्म के लिए लड़ा। उसने आरोप लगाया था कि पुलिस और जिहादियों के द्वारा उसे टारगेट किया गया। राम सिंह ने अपनी जेल में हत्या होने की आशंका जताते हुए अपने माता-पिता का ख्याल रखने की बात भी कही थी। उसने सरेंडर करने की बात कही थी, लेकिन बाद में रायपुर भाग गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित