बिलासपुर , अगस्त 13 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नई पहल करते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मोटरसाइकिल किराया सेवा (बाइक रेंटल सेवा) शुरू की है। रेलवे से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली बाइक रेंटल सेवा है। इसके शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन से शहर के विभिन्न हिस्सों तक जाने के लिए एक और किफायती एवं सुविधाजनक परिवहन विकल्प उपलब्ध हो गया है।

स्टेशन परिसर में कोच रेस्टोरेंट के पास स्थापित बाइक रेंटल सुविधा का शुभारंभ प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रेलवे के मुताबिक बाइक रेंटल सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। बाइक किराए पर लेने के लिए यात्री को वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

रेलवे ने बाइक किराए की अवधि के आधार पर अलग-अलग दरें तय की हैं। चार घंटे तक बाइक लेने पर 100 रुपए, चार से आठ घंटे के लिए 200 रुपए, आठ से 16 घंटे के लिए 300 रुपए और 16 से 24 घंटे के लिए 400 रुपए किराया निर्धारित किया गया है।

नई सुविधा से खासतौर पर ऐसे यात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें ट्रेन से उतरने के बाद शहर के भीतर कम दूरी की यात्रा करनी होती है। यात्री ऑटो या टैक्सी का इंतजार किए बिना अपनी जरूरत के अनुसार बाइक लेकर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे स्थानीय आवागमन में लगने वाले समय और खर्च दोनों में कमी आ सकती है।

रेलवे का कहना है कि यह सेवा पर्यटकों, छात्रों, व्यावसायिक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए भी उपयोगी होगी। यात्री स्टेशन से शहर के प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के साथ अपनी सुविधा के अनुसार शहर में आवागमन कर सकेंगे।

रेलवे के अनुसार इस पहल का उद्देश्य स्टेशन से शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को सुविधाजनक, किफायती और त्वरित परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना है। बाइक रेंटल सेवा की शुरुआत को स्टेशनों पर आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित