बिलासपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सेंट्रल जेल में बंद मस्तूरी गोलीकांड के आरोपियों का एक कथित 'डॉन स्टाइल' वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से आज हड़कंप मच गया है। वीडियो के सामने आने के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल में बंद आरोपियों से मुलाकात करने आए उनके परिचितों द्वारा मुलाकात के दौरान यह वीडियो बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। वायरल वीडियो में आरोपियों को दबंग और आपराधिक छवि के साथ प्रस्तुत किया गया है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।

उल्लेखनीय है कि लगभग पांच महीने पूर्व मस्तूरी क्षेत्र में कांग्रेस नेता एवं जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर उनके निजी कार्यालय में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत, उसके भाइयों सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वर्तमान में सभी आरोपी बिलासपुर सेंट्रल जेल में निरुद्ध हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की मुलाकात पर अस्थायी रोक लगा दी है। साथ ही मुलाकात कक्ष में तैनात संबंधित स्टाफ को हटाया गया है। जेल अधीक्षक ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए वीडियो बनाने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश भी दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित