बिलासपुर , मई 29 -- छत्तीसगढ़ में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत कृषि विभाग ने बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम द्वारा की गई। टीम ने रतनपुर क्षेत्र की विभिन्न खाद-बीज दुकानों एवं सहकारी समितियों का निरीक्षण किया, जिसमें कई स्थानों पर रिकॉर्ड संधारण, भंडारण एवं विक्रय संबंधी अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान सेवा सहकारी समिति चपोरा में अभिलेखों एवं भंडारण व्यवस्था में गड़बड़ियां पाई गईं। इसी प्रकार मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट, रतनपुर में भी अनियमितताएं उजागर हुईं। सेवा सहकारी समिति रतनपुर में अभिलेखों के रखरखाव में खामियां मिलीं, जबकि उन्नत कृषि सेवा केंद्र, रतनपुर में खाद विक्रय एवं भंडारण संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए।
कृषि विभाग ने निरीक्षण के दौरान करीब 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त कर संबंधित विक्रेताओं और संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभागीय कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य खाद विक्रेताओं में भी हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से समझौता करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित