बिलासपुर , मई 31 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच शनिवार को मंच पर ही तीखी बहस हुयी।
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे थे। इस दौरान श्री शुक्ला ने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी की समस्या, खराब सड़कें तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों के आवेदन और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण नहीं हो रहा है तथा कई योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी सवाल उठाए।
श्री शुक्ला के वक्तव्य के बाद श्री कौशिक ने राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का पक्ष रखते हुए जवाब दिया। इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर मंच पर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई।
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक भी नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा 'चोर-चोर' के नारे लगाए जाने से माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नारेबाजी से नाराज विधायक कौशिक ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद कार्यक्रम आगे बढ़ सका।
श्री शुक्ला का आरोप है कि विकास कार्यों और विभिन्न विभागीय योजनाओं को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिए गए। उनका कहना है कि जैसे ही उन्होंने जनहित के मुद्दे उठाए, ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर रखनी शुरू कर दीं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हुए।
वहीं, श्री कौशिक ने विवाद को व्यक्तिगत स्वरूप देने से इनकार करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन शासकीय कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है। उनके अनुसार जब वे कार्यक्रम स्थल पहुंचे, तब कांग्रेस नेता अधिकारियों से ऊंची आवाज में सवाल-जवाब कर रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित