बिलासपुर , मई 05 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब सात किलो संदिग्ध गोमांस बरामद किया है और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम करहीकछार में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि करहीकछार गांव में बिजली कार्यालय के पास रहने वाला एक व्यक्ति अपने घर में प्रतिबंधित मांस काट रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी अपने घर के आंगन में लोहे के औजार से मांस के टुकड़े कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह मांस को काटकर सुखाता है और बाद में खाने के लिए उपयोग करता है।

पुलिस ने मौके से करीब सात किलो मांस और उपयोग में लाया जा रहा औजार जब्त किया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत मामला दर्ज किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित