बिलासपुर , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में श्मशान घाट पर तंत्र साधना किए जाने का कथित मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में शुक्रवार रात चार युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए। मौके पर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखे जाने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़कर हिरासत में लिया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार ग्रामीणों को देवरी के मुक्तिधाम में कुछ युवकों की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। ग्रामीणों ने कुछ समय तक निगरानी करने के बाद मौके पर पहुंचकर युवकों को पकड़ने का प्रयास किया। चारों युवक वहां से भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। बाद में उसे सीपत पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस को वहां मरी मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली। पुलिस ने तस्वीरों और पूजा सामग्री को भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। घटनास्थल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी युवक से पूछते नजर आ रहे हैं, 'जज को ही मारना चाहते हो क्या', जिस पर युवक जवाब देता है, 'मैं पढ़ा लिखा हूं ये सब काम नहीं करता'।
पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वह बिलासपुर के राजकिशोर नगर का रहने वाला है। शुरुआत में ऋषिकेश ने श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने से इनकार किया और बताया कि वह गांव में घूमने आया था। उसने खुद को बिल्डर भी बताया है।
पुलिस जांच में यह जानकारी सामने आई है कि ऋषिकेश सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। पुलिस के मुताबिक कथित तांत्रिक ने युवक के रिश्तेदारों को यह बताया था कि श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करने से जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत मिल सकती है।
बताया गया है कि ऋषिकेश का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत याचिका उच्च न्यायालय में लंबित है। इसी क्रम में मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा समेत दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर कथित तौर पर तंत्र साधना किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, जमानत मिलने के उद्देश्य से चारों युवक देवरी के श्मशान घाट पहुंचे थे।
ग्रामीणों के मुताबिक देवरी मुक्तिधाम में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों का मामला पहले भी सामने आ चुका है, जिसके कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है। घटना के बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और मौके से मिली सामग्री तथा तस्वीरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फरार तीन युवकों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित